पारंपरिक वेशभूषा और रंग-बिरंगे फूलों ने बढ़ाई उत्सव की रौनक।
बतुकम्मा उत्सव में दिखा महिलाओं का उत्साह, भाईचारे का दिया संदेश।
हैदराबाद। तेलंगाना के प्रसिद्ध पारंपरिक त्योहार बतुकम्मा की धूम हैदराबाद के नर्सिंग खानपुर क्षेत्र में देखने को मिल रही है। यहां महिलाएं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इस त्योहार को हर्षोल्लास से मना रही हैं। रंग-बिरंगे फूलों से सजी बतुकम्मा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है।
बतुकम्मा तेलंगाना की समृद्ध संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। इस अवसर पर महिलाएं विभिन्न प्रकार के मौसमी फूलों को एक के ऊपर एक सजाकर सुंदर बतुकम्मा तैयार करती हैं। इसके बाद महिलाएं एकत्र होकर पारंपरिक गीत गाती हैं और गोल घेरा बनाकर नृत्य करती हैं। उत्सव में लक्ष्मी, स्वाति, पद्मा, सरिता, सुनीता, कविता, श्रीलक्ष्मी, अनुषा, विजया और ज्योति सहित कई महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महिलाओं की पारंपरिक वेशभूषा और फूलों से सजी बतुकम्मा ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। इस दौरान त्योहार को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सामूहिक गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से महिलाएं अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए हुए हैं।
नर्सिंग खानपुर क्षेत्र में मनाया जा रहा यह उत्सव आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश दे रहा है। बतुकम्मा तेलंगाना की विशिष्ट पहचान है, जो प्रकृति और फूलों के प्रति सम्मान को दर्शाता है। इस पर्व के माध्यम से नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।