आजमगढ़ : मतदान सूची में खेल--प्रधान पहुंचा जेल.... और.....

फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए वोटर लिस्ट में हेरफेर का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।
आजमगढ़ : जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में पंचायत निर्वाचन की मतदाता सूची में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। मामले में फर्जी पाण्डुलिपि तैयार कर मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन से संबंधित मतदाता पाण्डुलिपियों की जांच के दौरान ग्राम अंजान शहीद वार्ड संख्या 10 से 15 की सूची में कई अनियमितताएं सामने आईं। आरोप है कि बीएलओ, सुपरवाइजर और अन्य अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर कर कूटरचित दस्तावेजों को मूल मतदाता सूची में शामिल किया गया।
मामले में तहसील सगड़ी के राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर थाना जीयनपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस जांच के दौरान ग्राम प्रधान मोहम्मद अजीम का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस टीम ने रविवार सुबह पकवाइनार मोड़ के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। वहीं इस प्रकरण में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पंचायत चुनाव प्रक्रिया को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ