14 वर्षीय छात्रा की मौत के मामले में सिधारी पुलिस की कार्रवाई, कक्षा अध्यापक को पहले ही भेजा जा चुका है जेल!
संवाददाता -राकेश गौतम
आजमगढ़। फीस और अन्य बातों को लेकर 14 वर्षीय छात्रा को कथित रूप से अपमानित किए जाने तथा इसके बाद छात्रा की मौत के मामले में थाना सिधारी पुलिस ने विद्यालय के प्रधानाचार्य अखिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें 10 नवंबर को सुबह करीब 10:55 बजे हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मामला माँ जगेश्वरी देवी इंटर कॉलेज, शाहगढ़ का है। आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाचार्य अखिलेश यादव और कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार द्वारा फीस एवं अन्य बातों को लेकर छात्रा को आए दिन अपमानित किया जाता था। इससे क्षुब्ध होकर छात्रा ने कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
इस मामले में 8 नवंबर को प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सिधारी में मुकदमा संख्या 448/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने इसी मामले में कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार को 8 नवंबर को ही गिरफ्तार कर लिया था। अब दूसरे आरोपी प्रधानाचार्य अखिलेश यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार प्रधानाचार्य अखिलेश यादव (29) मुबारकपुर थाना क्षेत्र के निबी बुजुर्ग गांव के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक बालेन्द्र कुमार यादव ने हमराह पुलिस बल के साथ की।
पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ