बिलरियागंज पुलिस की ऑपरेशन वज्रपात के तहत कार्रवाई, दो .315 बोर के तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद!
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर अवैध असलहों के साथ रील बनाकर प्रसारित करना दो युवकों को भारी पड़ गया। थाना बिलरियागंज पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे .315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 नवंबर 2026 को बिलरियागंज पुलिस ने सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ रील बनाकर प्रसारित करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की।
पहली गिरफ्तारी: उपनिरीक्षक अक्षयदीप सिंह ने पुलिस टीम के साथ ग्राम इमलीपुर स्थित ईंट भट्ठे के पास से विकास यादव पुत्र संतराज यादव निवासी कुर्थीपुर, थाना बिलरियागंज को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस मामले में मुकदमा संख्या 261/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत दर्ज किया गया।
दूसरी गिरफ्तारी: उपनिरीक्षक संतोष कुमार पाठक ने पुलिस टीम के साथ गोरिया नहर पुलिया के पास से विकास यादव पुत्र वीरेंद्र यादव निवासी वार्ड नंबर 11 शिवनगर, बिलरियागंज को गिरफ्तार किया। उसके पास से भी एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस मिला। इस संबंध में मुकदमा संख्या 262/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों द्वारा अवैध असलहों का प्रदर्शन कर सोशल मीडिया पर रील प्रसारित की गई थी। पुलिस ने बताया कि दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अक्षयदीप सिंह, संतोष कुमार पाठक सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने की।
0 टिप्पणियाँ