सामाजिक सरोकारों और जनचेतना की कविताओं से गूंजा परसहा गांव, दिवंगत विभूतियों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि।
संवाददाता - अबुल कैश
फरिहा (आजमगढ़)। तहसील निजामाबाद क्षेत्र के कयामुद्दीनपट्टी उर्फ परसहा गांव स्थित श्री वंशीधर जूनियर हाई स्कूल में बुधवार की शाम कॉमरेड सतिराम उर्फ फोटो, हुबराज यादव और रुक्मिणी की स्मृति में स्मृति सभा एवं काव्यपाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ब्रांच कमेटी परसहा और साहित्य से दोस्ती पुस्तक केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। इसके संयोजक हरिगेन राम रहे।
प्रथम सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ कॉमरेड हरिमंदिर पाण्डेय ने की तथा संचालन सीपीआई जिला सचिव जितेंद्र हरि पाण्डेय ने किया। हरिमंदिर पाण्डेय ने कहा कि परसहा गांव में तीन लोगों की स्मृति में ऐसा आयोजन होना महत्वपूर्ण है। गांव आपसी मेल-मिलाप और सामाजिक-सांस्कृतिक मूल्यों के लिए अपनी अलग पहचान रखता है। ऐसे आयोजनों से समाज को नई प्रेरणा मिलती है।
दूसरे सत्र में प्रगतिशील लेखक संघ के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कवि राजाराम सिंह की अध्यक्षता में काव्यपाठ हुआ। राजाराम सिंह ने भ्रष्टाचार पर व्यंग्य करते हुए कहा, "हर जगह भ्रष्टाचार व्याप्त है, अब तो आग में भी मिलावट है।" भोजपुरी कवि बालेदीन यादव ने मजदूर परिवारों की पीड़ा पर रचना सुनाई। शायर ताज आज़मी, डॉ. जितेंद्र नूर और इप्टा सचिव बैजनाथ 'गंवार' ने भी अपनी रचनाओं से खूब वाहवाही बटोरी। कवि अभिराज बेदर्दी, राजनाथ राज और रामजतन यादव 'जतिन' ने भी काव्यपाठ किया।
अंत में डॉ. राम नारायण राम ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अनेक साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ