नाला की सफाई न होने से जलमग्न हुई गेंहू की फसल


विभागीय उदासीनता के चलते झाड़ियों में छुपा नाला
दर्जनों बीघा गेंहू की फसल में लगा पानी
कई गांवों का वर्षा का पानी निकालता है नाला
 फूलपुर (आजमगढ़): विभागीय उदासीनता के चलते अंबारी और मुस्तफाबाद के कई किसानों का गेंहू जलमग्न हो गया है। जल निकासी के लिए बनाया गया नाला झाड़ियों में छुप गया है। वहीं अंबारी के फूलपुर रोड के किनारे पुल पर बाजारवासियों द्वारा कूड़ा फेंकने से समस्या और भी बढ़ गयी है। 
यह नाला अंबारी, मुस्तफाबाद होते हुई शेखपुर पिपरी गांव स्थित कुंबर नदी तक बना हुआ है। इस नाले से रेलवे किनारे के बसही, आंधीपुर, हाजीपुर, शाहपुर, अंबारी, मुस्तफाबाद और शेखपुर पिपरी गांव के वर्षा का पानी निकालता है। अंबारी के राधाकृष्ण मंदिर के सामने जमा होने वाले पानी का निकास इसी नाले से होता है। वर्तमान समय में पोखरे में काफी मात्रा में पानी लगा हुआ है। जिसका मुख्य कारण है फूलपुर रोड पर बनी पुलिया कूड़ा के चलते पूरी तरह से जाम है। पोखरी में जमा पानी अगल बगल के खेतों में फैल रहा है। जिसके चलते गेंहू के खेत में पानी लगा हुआ है। किसान परेशान हैं कि उनकी पकने को तैयार फसलें खराब हो रही हैं। यदुवंश यादव, त्रिलोकीनाथ, दिलीप कुमार, कामेश्वर, राजेश, महेंद्र आदि का कहना है कि जल निकासी न होने से फसलें बर्बाद हो रही हैं। वर्षा के दिनों में बाढ़ जैसे हालात हो जाते हैं। ग्राम प्रधान मुस्तफाबाद रामचन्द्र बिंद ने बताया कि कार्ययोजना में गया है। इसी गर्मी में नाले की सफाई करायी जाएगी। फूलपुर रोड की पुलिया के पास बाजार के लोगों द्वारा कूड़ा फेंकने के चलते समस्या बढ़ रही है। एक दो दिन में जाम पुलिया की सफाई करा दी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ