आजमगढ़- संगठन ने उठाई बृजभूषण सिंह के गिरफ्तारी की मांग



राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा
आजमगढ़। संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वाधान में विभिन्न किसान संगठनों ने कुंवर सिंह उद्यान में बैठक कर दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे खिलाड़ियों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी व पीड़ित खिलाड़ियों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। वही बैठक में कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ़्तार करने और पद से बर्खास्त करने के संदर्भ में चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक विषय है कि दुनिया भर से पुरस्कार जीत कर भारत का सम्मान बढ़ाने वाली महिला खिलाड़ियों के साथ शारीरिक, मानसिक यौन उत्पीड़न करनेवाले कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पद पर आसीन और सांसद बृजभूषण शरण सिंह हैं। महिला खिलाड़ियों द्वारा करीब 3 महीने तक लगातार आंदोलन-प्रदर्शन करने के दबाव में आकर सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लिया। तब जाकर एफआईआर दर्ज हुआ। इसके बावजूद भी अभी तक बृजभूषण शरण सिंह अपने पद से ना तो इस्तीफा दिए हैं, नहीं उनको गिरफ्तार किया जा सका है। भारतीय लोकतंत्र में और संवैधानिक मर्यादाओं को ताक पर रखने का भाजपा सरकार द्वारा यह हठधर्मिता पहली बार नहीं हो रही है। ऐतिहासिक किसान आंदोलन के समय भी लखीमपुर खीरी के किसानों के ऊपर गाड़ी चढ़ाकर नरसंहार करने वाले साजिशकर्ता केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को आज तक कोई सजा नहीं दिया जा सका है। संयुक्त किसान मोर्चा, आजमगढ़ भाजपा सरकार की इस गैर संवैधानिक गैर लोकतांत्रिक हिटलर शाही की घोर निंदा करता है। चर्चा बैठक में दुखहरन राम, वेद प्रकाश उपाध्याय, रामनयन यादव,विनोद कुमार सिंह, रामराज, अवध राज यादव, रामाश्रय, राहुल विद्यार्थी ,संदीप, राजेश आजाद आदि उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ