चुनौती : आजमगढ़ से लोक सभा चुनाव लड़े अखिलेश : दिनेश लाल निरहुआ

भाजपा सांसद निरहुआ ने अखिलेश यादव को दी खुली चुनौती 
आजमगढ़। जनपद के ब्रह्मस्थान में एक कार्यक्रम में पहुंचे अभिनेता  व बीजेपी सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को 2024 का लोकसभा चुनाव आजमगढ़ से लड़ने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि 2024 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव आजमगढ़ से चुनाव लड़ें, चुनाव में बहुत मजा आएगा। 2019 के चुनाव में महागठबंधन था। इस वजह से अखिलेश यादव बच गए थे। इस बार भी वह एक गठबंधन बना रहे हैं। अखिलेश यादव से लड़ाई लड़ने में बड़ा मजा आता है। भाजपा सांसद ने अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। शुक्रवार सपा मुखिया अखिलेश यादव सरायमीर क्षेत्र में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए निरहुआ ने कहा कि अखिलेश यादव 6 महीने बाद आजमगढ़ आ रहे हैं, जिस तरह से वह आजमगढ़ को भूल गए हैं आजमगढ़ की जनता भी उनको भूल चुकी है एक जमाना था कि इनका परिवार सिर्फ जीत का सर्टिफिकेट लेने आता था लेकिन जब से जनता ने मुझे सांसद चुना है मैं लगातार जनता के बीच में हूं और इस बात से जनता बेहद खुश है। हाल ही में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा था कि जब भगवान की कृपा होगी तब वह राम लला का दर्शन करने अयोध्या जाएंगे, अखिलेश यादव की इस बात पर सहमति जताते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि जब भगवान की कृपा होती है तभी भगवान बुलाते हैं। व्यक्ति इसी भ्रम में रहता है कि वह पीएम हैं सीएम हैं डीएम हैं जबकि बिना भगवान की इच्छा के कुछ नहीं होता।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ