पोखरे में डूबे युवक की मौत, रातभर चली खोजबीन के बाद सुबह मिला शव!

पोखरे की गहराई में समा गया जीवन, सुबह मिला अविनाश का शव!
रातभर चली तलाश, प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में गोताखोरों ने निकाला शव!
संवाददाता -राकेश गौतम 
आज़मगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुआ खुर्द गांव में मंगलवार शाम एक युवक की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि प्रशासनिक अमला रातभर मौके पर मौजूद रहा। गोताखोरों की मदद से बुधवार सुबह शव को बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, लहुआ खुर्द (मौजा लोधापुर) निवासी अविनाश सिंह उर्फ बादल (30) पुत्र स्व. हरेंद्र सिंह शाम करीब छह बजे पोखरे में स्नान करने गए थे। नहाते समय वह गहराई में चले गए और डूबने लगे। पास में मौजूद एक बच्चे ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अविनाश पानी में समा चुके थे। पोखरे की गहराई, झाड़ियां और शैवाल के कारण तत्काल बचाव संभव नहीं हो सका।
घटना की सूचना पर पल्हना चौकी प्रभारी राजेश सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और उच्च अधिकारियों को जानकारी दी। उपजिलाधिकारी लालगंज राजकुमार बैठा, क्षेत्राधिकारी भूपेश पांडे, नायब तहसीलदार मनोज गिरी और कोतवाल विमल प्रकाश राय भी रातभर घटनास्थल पर मौजूद रहे। गोताखोरों ने रातभर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह छह बजे से पुनः खोज शुरू हुई और करीब 11:30 बजे शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अविनाश अविवाहित थे और अपने घर में अकेले रहते थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। दो बहनें गुंजा और मोनिका विवाहिता हैं, जबकि चाचा राणा सिंह का परिवार मुंबई में निवास करता है। यह घटना न केवल एक परिवार की पीड़ा को उजागर करती है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलस्रोतों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ