अबुल कैश की रिपोर्ट
निजामाबाद (आजमगढ़)। निजामाबाद तहसील में तैनात उपजिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह अपने सरल व्यक्तित्व, कोमल हृदय और मधुर व्यवहार के कारण क्षेत्रवासियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। न्यायप्रिय और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में उनकी पहचान बन चुकी है। वह हर मामले में दोनों पक्षों की बात ध्यानपूर्वक सुनते हैं, फाइलों का गंभीरता से अध्ययन करते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि किसी के साथ अन्याय न हो। इसी निष्पक्ष कार्यशैली के चलते गरीबों, मजलूमों और असहाय लोगों में उनके प्रति भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
बताया जा रहा है कि जब चंद्रप्रकाश सिंह ने निजामाबाद तहसील का कार्यभार संभाला, उस समय माहौल काफी तनावपूर्ण था और उपजिलाधिकारी पद को लेकर असंतोष भी था। लेकिन उन्होंने अपने सहज व्यवहार और संवाद की नीति से अधिवक्ताओं, लेखपालों और तहसील कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर दूरियां खत्म कीं। आज स्थिति यह है कि तहसील का हर कर्मचारी उनके व्यवहार और कार्यशैली की सराहना कर रहा है। फरियादी बिना किसी रोक-टोक के उनके चैंबर तक पहुंच पा रहे हैं, जहां उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर मौके पर जाकर या दोनों पक्षों को बुलाकर समझौते के जरिए समाधान किया जा रहा है। उपजिलाधिकारी के साथ तहसीलदार और नायब तहसीलदार जैसे सक्षम अधिकारियों की टीम के कारण निजामाबाद तहसील में कामकाज सुचारु रूप से चल रहा है, जिससे आम जनता संतोष और भरोसे का अनुभव कर रही है।
0 टिप्पणियाँ