बड़ी खबर : चंद्रशेखर आजाद की रैली में हुई थी सुरक्षा चूक, पिस्टल के साथ संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया था।

यह घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में आयोजित जनसभा के दौरान बड़ा सुरक्षा मामला सामने आया। नगीना से सांसद और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद की रैली के बीच एक संदिग्ध व्यक्ति पिस्टल लेकर मंच की ओर बढ़ता हुआ पकड़ा गया था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया और मैदान से बाहर कर दिया।
खुद को सिपाही बताता रहा, पहचान पत्र नहीं दिखा पाया-
जानकारी के मुताबिक संदिग्ध व्यक्ति ने खुद को पुलिस लाइन में तैनात सिपाही बताया, लेकिन वह कोई वैध पहचान पत्र नहीं दिखा सका। तलाशी लेने पर उसकी कमर से पिस्टल बरामद हुई। इसके बाद सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
करणी सेना की धमकियों के बीच बढ़ी थी चिंता- 
15 मार्च को बाराबंकी में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। इससे पहले करणी सेना की ओर से सोशल मीडिया पर चेतावनी दी गई थी कि अगर चंद्रशेखर आजाद बाराबंकी में रैली करने आए तो वह अपने पैरों पर वापस नहीं जा पाएंगे। इस पृष्ठभूमि में यह घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार लेकर व्यक्ति मंच के इतना करीब कैसे पहुंच गया था ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ