बेटियों के लिए बनी प्रेरणा, पूरे जिले में खुशी की लहर।
संवाददाता - दीपक भारती
आजमगढ़। जनपद के मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम बेलवाना की होनहार बेटी मोनल गौतम ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 167वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार, गांव और पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। मोनल गौतम, कल्पनाथ गौतम की पुत्री हैं, जिन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव और आसपास से पूरी करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली और प्रयागराज में रहकर कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ तैयारी की। सीमित संसाधनों और तमाम चुनौतियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य पर डटी रहीं, जिसका परिणाम आज उनकी इस बड़ी सफलता के रूप में सामने आया।
मोनल की सफलता में उनके परिवार का अहम योगदान रहा, जहां जीजा, दीदी, भैया-भाभी सहित पूरे परिवार ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। परिणाम घोषित होते ही गांव में जश्न का माहौल बन गया, लोगों ने मिठाइयां बांटकर और बधाइयां देकर खुशी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि मोनल शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं, खासकर बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। स्थानीय गणमान्य लोगों और शिक्षकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी को उम्मीद है कि वह आगे चलकर एक सक्षम और संवेदनशील प्रशासनिक अधिकारी बनकर समाज और देश की सेवा करेंगी।
0 टिप्पणियाँ