आजमगढ़ : फरिहा असुरायन में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ऊसर भूमि से हटाया गया अतिक्रमण।

एसडीएम निजामाबाद की अगुवाई में जेसीबी से अवैध कब्जा ध्वस्त, शिकायत पर हुई कार्रवाई।
संवाददाता -अबुल कैश 
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद तहसील अंतर्गत फरिहा असुरायन क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊसर भूमि को कब्जामुक्त कराया। यह कार्रवाई एसडीएम निजामाबाद चंद्र प्रकाश सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें राजस्व और पुलिस टीम भी मौजूद रही।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम फैजुल्लाहपुर थाना गंभीरपुर निवासी लालमनी देवी ने एडीएम को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि गाटा संख्या 2660 की ऊसर भूमि पर जगन्नाथ पुत्र देवनंदन द्वारा अवैध रूप से मकान बनाकर कब्जा कर लिया गया है। पीड़िता का कहना था कि उसने सटे हुए चार बिस्वा जमीन अपने नाम रजिस्ट्री कराई है, लेकिन अतिक्रमण के कारण उसे आवागमन का रास्ता नहीं मिल पा रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी स्तर पर चल रही जनसुनवाई में दोबारा शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। आदेश के क्रम में एसडीएम चंद्र प्रकाश सिंह, तहसीलदार चमन सिंह, हल्का लेखपाल उमेश कुमार गौड़ सहित राजस्व टीम मौके पर पहुंची और भूमि की पैमाइश कराई गई।
इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कानूनगो राकेश पांडेय, फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा समेत पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ