आजमगढ़ में बिना अनुमति मूर्ति स्थापना पर कार्रवाई, देर रात पुलिस ने हटाई अम्बेडकर प्रतिमा।

विरोध के बीच 23 लोगों पर कार्रवाई, 5 हिरासत में।
संवाददाता - अबुल कैश 
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के मुस्लिम पट्टी गांव में ग्राम समाज की भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को नियमों की जानकारी देते हुए प्रतिमा हटाने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोग इसके लिए तैयार नहीं हुए। प्रशासन का कहना है कि बिना अनुमति सार्वजनिक या ग्राम समाज की जमीन पर किसी भी प्रकार की मूर्ति स्थापित करना नियमों के विरुद्ध है, साथ ही भविष्य में संभावित विवाद को देखते हुए स्थिति को गंभीरता से लिया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रविवार और सोमवार की दरमियानी रात पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर प्रतिमा को हटाकर अपने कब्जे में ले लिया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, जिससे थोड़ी देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने शांति भंग की आशंका को देखते हुए 23 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ