लाठी-डंडे और रॉड से हमला, बुजुर्ग समेत कई लोग गंभीर घायल।
आजमगढ़ (निजामाबाद): थाना क्षेत्र के सुराई गांव में बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुए हमले में करीब पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि चार दिन पहले बच्चों के बीच खेल को लेकर विवाद हुआ था, जो धीरे-धीरे बड़ों तक पहुंच गया। पहले तो ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन कुछ दिन बाद एक पक्ष के लोग जब अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने रास्ते में घात लगाकर उन पर लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर दिया।
हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
0 टिप्पणियाँ