आजमगढ़ : तेज रफ्तार थार ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत से फरिहां बाजार में मातम।

बिना नंबर प्लेट वाहन की टक्कर में दो युवक गंभीर घायल, इलाज के दौरान शमशाद उर्फ गुड्डू ने तोड़ा दम।
संवाददाता - अबुल कैश 
निज़ामबाद/आजमगढ़। थाना क्षेत्र के फरिहां बाजार में गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल फैल गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे एक तेज रफ्तार बिना नंबर प्लेट की थार वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शमशाद उर्फ गुड्डू (50 वर्ष) पुत्र फरियाद निवासी फरिहां तथा मनीष कुमार (18 वर्ष) पुत्र हरिश्चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने शमशाद की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल युवक का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि मृतक शमशाद उर्फ गुड्डू के तीन पुत्र हैं। उनकी पत्नी की करीब छह वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। पत्नी के निधन के बाद से बच्चों के पालन-पोषण में क्षेत्र के समाजसेवी एवं यश पब्लिक स्कूल के संचालक विजय यादव सहयोग कर रहे थे।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ