तरवां पुलिस और SOG टीम की घेराबंदी में दो बदमाश दबोचे गए, चोरी का ट्रैक्टर, पिकअप, तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद।
आजमगढ़ । आजमगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले संगठित गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। थाना तरवां पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी का ट्रैक्टर, पिकअप वाहन, अवैध तमंचा, कारतूस, अनाज की बोरियां और नकदी बरामद की गई है। गिरफ्तार बदमाशों पर कई जिलों में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर के दर्जनों मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को मौलानीपुर गांव निवासी पूनम गिरी पत्नी सुरेंद्र गिरी ने थाना तरवां में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर रात में चोरी हो गया। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में 11 और 12 मई की रात थाना तरवां पुलिस तथा एसओजी टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर और पिकअप लेकर कुछ बदमाश कंचनपुर से बोगरिया मार्ग की तरफ आ रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बांसगांव तिराहे पर घेराबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक पिकअप और ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर पिकअप चालक भागने लगा, जिसे मौके पर पकड़ लिया गया। वहीं ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बाद जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान विनोद उर्फ सिंटू पुत्र महेंद्र निवासी मीरपुर थाना बहरियाबाद जनपद गाजीपुर के रूप में हुई। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और चोरी का ट्रैक्टर बरामद किया गया।
दूसरे गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार उर्फ धासू पुत्र वंशराम निवासी बारोडीह थाना भुड़कुड़ा जनपद गाजीपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से चोरी की पिकअप, छह बोरी अनाज और 4500 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गैंग है, जो विभिन्न जिलों में वाहन और दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। चोरी किए गए सामान को बेचकर गैंग के सदस्य आपस में पैसे बांट लेते थे। आरोपियों ने तरवां क्षेत्र से ट्रैक्टर चोरी करने, देवगांव क्षेत्र से गेहूं से लदा वाहन चोरी करने और पल्हना बाजार में दुकान से सामान चोरी करने की घटनाओं को भी स्वीकार किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी विनोद उर्फ सिंटू पर वाराणसी, मऊ, गाजीपुर, देवरिया और प्रयागराज समेत कई जिलों में चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अमित कुमार पर भी आजमगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी के मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक रूपेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा सहित थाना तरवां पुलिस और एसओजी टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
0 टिप्पणियाँ