बड़ी खबर : रहस्यमय धमाके से दहशत, खाली प्लॉट में विस्फोट के बाद मची अफरा-तफरी, जांच में जुटी पुलिस।

मेरठ। समर गार्डन क्षेत्र में शनिवार दोपहर हुए एक जोरदार विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के 60 फुटा चौराहे के निकट स्थित एक खाली प्लॉट में हुए धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के रिहायशी इलाके में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाली प्लॉट में पड़े कूड़े के ढेर से अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई मकानों की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूट गए। धमाके की आवाज सुनते ही लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गईधमाके के तुरंत बाद प्लॉट में आग लग गई और वहां से धुएं का घना गुबार उठने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने सबसे पहले आग पर काबू पाया और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सील कर दिया।घटना की गंभीरता को देखते हुए विनायक गोपाल भोसले, क्षेत्राधिकारी और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से जले हुए अवशेष, मिट्टी और अन्य संदिग्ध सामग्री के नमूने एकत्र किए हैं। इन नमूनों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमाका किसी ज्वलनशील रसायन, विस्फोटक पदार्थ या अन्य किसी सामग्री के कारण हुआ।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिस प्लॉट में विस्फोट हुआ वह लोहियानगर क्षेत्र के निवासी ताहिर का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और प्लॉट में मौजूद सामग्री की भी पड़ताल की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। तब तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू पर नजर बनाए हुए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ