“चढ़ गुंडों की छाती पर, बटन दबेगा हाथी पर” नारे के साथ बसपा कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार, बोले—2027 में बनेगी बसपा की सरकार।
आजमगढ़। बहुजन समाज पार्टी के नेतृत्व में फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र में एक दिवसीय विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता महासम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्र ने पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर इमरान अहमद हेटलर को फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी प्रत्याशी घोषित किया। घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और जमकर नारेबाजी हुई।https://www.instagram.com/reel/DcGskhqR21_/?igsh=MTU4YXN4aG1xa3doMA==
महासम्मेलन में मौजूद बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने “चढ़ गुंडों की छाती पर, बटन दबेगा हाथी पर” का नारा लगाते हुए 2027 में बसपा की सरकार बनाने का संकल्प जताया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।
जनसभा में पहुंचे लोगों से पत्रकारों ने जब बसपा से उनकी अपेक्षाओं को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि उनके अनुसार बहुजन समाज पार्टी जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर सर्वसमाज के विकास और न्याय की बात करती है। लोगों ने शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य को लेकर भी अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। कुछ उपस्थित लोगों ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके अनुसार रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं की समस्याओं का समाधान पर्याप्त रूप से नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई पूरी करने के बाद भी रोजगार नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को दूसरे शहरों और राज्यों में काम के लिए जाना पड़ता है। लोगों ने वर्ष 2007 से 2012 के बीच मायावती सरकार के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 2027 में बसपा की सरकार बनने पर युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्र ने कहा कि बसपा दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और सर्वसमाज के हितों की आवाज उठाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
नवनियुक्त प्रभारी प्रत्याशी इमरान अहमद हेटलर ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने और संगठन को मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम को मंडल प्रभारी प्रोफेसर इंदू चौधरी, आजमगढ़ मंडल प्रभारी हरिशंद्र गौतम और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर शंकर यादव, अरविंद कुमार गौतम, विजय प्रताप, विनोद चौहान, रामविलास, भास्कर, रामजीत चौहान, ओमकार शास्त्री, दयाराम गौतम, राधेश्याम, सुनील कुमार, अशोक भारतीय, दिलशाद अहमद, सबीहा अंसारी सहित बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ