आजमगढ़ : हत्या-हत्या के प्रयास के मामलों में वांछित गैंगलीडर गिरफ्तार।

अतरौलिया पुलिस ने सेल्हरापट्टी अंडरपास से अवधेश नारायण सिंह उर्फ चुन्नू सिंह को पकड़ा, आरोपी के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत पांच मुकदमे दर्ज।

आजमगढ़। अतरौलिया थाना पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त संगठित गिरोह के कथित गैंगलीडर अवधेश नारायण सिंह उर्फ चुन्नू सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वांछित आरोपी को बुधवार को ग्राम सेल्हरापट्टी स्थित अंडरपास के पास से हिरासत में लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। मुखबिर की सूचना पर टीम ने ग्राम सेल्हरापट्टी अंडरपास के पास घेराबंदी कर अवधेश नारायण सिंह को दोपहर करीब 1:55 बजे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अतरौलिया थाने में हत्या, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को थाना अतरौलिया का हिस्ट्रीशीटर (HS-13B) भी बताया गया है। पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 19 अगस्त को थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दूबे की तहरीर पर अवधेश नारायण सिंह उर्फ चुन्नू सिंह और संजीव पाण्डेय उर्फ संजू के खिलाफ गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने संगठित आपराधिक गिरोह बनाकर गंभीर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2008 से 2025 के बीच हत्या, मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह, कांस्टेबल सौरभ राय और कांस्टेबल विजय प्रताप यादव शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ