मृतका के पोस्टमार्टम के बाद एफआईआर की मांग को लेकर प्रदर्शन, लाठी-डंडे लेकर सड़क जाम करने का आरोप।
आजमगढ़। जिला अस्पताल के मुख्य गेट के सामने रोड जाम कर पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और नारेबाजी करने के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को मृतका रेनू पत्नी शिवम, निवासी गेलवारा थाना सिधारी का शव पोस्टमार्टम के बाद जिला अस्पताल की मर्चरी से ससुराल पक्ष को ले जाने को लेकर मायके पक्ष के लोगों ने पहले एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी। समझाने के बावजूद मामला शांत नहीं हुआ और इसी क्रम में शनि पुत्र रामजी निवासी हासापुर थाना तहबरपुर अपने 20-25 अज्ञात पुरुष व महिला सहयोगियों के साथ जिला अस्पताल के मुख्य गेट के सामने सड़क पर बैठकर व खड़े होकर जाम लगाने तथा शासन-प्रशासन व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगा। पुलिस द्वारा जाम समाप्त कराने का प्रयास करने पर प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की व गाली-गलौज किए जाने तथा लाठी-डंडे लेकर सड़क जाम रखने का आरोप है। मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 0445/2026 के तहत संबंधित धाराओं एवं 7 सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने 31 अगस्त की रात करीब 00:50 बजे ग्राम सोहिला से संतोष कुमार (28), चन्द्र भान राम (54), अमरनाथ (48), रामचेत (52) और चैतूराम (55), सभी निवासी ग्राम सोहिला थाना तहबरपुर, को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति, कांस्टेबल सुमित कुमार, पिंटु यादव, रिजर्व कांस्टेबल राहुल पाण्डेय, उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार सिंह, कांस्टेबल अखिलेश मद्देशिया एवं कांस्टेबल विशाल यादव शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ