2027 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का संकल्प, संगठन को मजबूत करने और आजमगढ़ की दसों विधानसभा सीटों पर जीत के लिए कार्यकर्ताओं को जुटने का आह्वान।
संवाददाता : राकेश गौतम | आजमगढ़। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में आज बसपा मंडल कार्यालय नरौली, आजमगढ़ में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य मंडल प्रभारी दिनेश चंद्रा सहित जनपद के तमाम वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी।
भाजपा सरकार पर बेरोजगारी और आरक्षण को लेकर निशाना-
मुख्य मंडल प्रभारी दिनेश चंद्रा भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों के बजाय धर्म और जाति की राजनीति को अधिक महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा।
आरक्षण के मुद्दे पर दिनेश चंद्रा ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी संविधान प्रदत्त आरक्षण की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछले दरवाजे से आरक्षण को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि आरक्षण में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ने पर पार्टी सड़क पर उतरकर अपने संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी।
समाजवादी पार्टी पर भी विकास को लेकर हमला-
बैठक में समाजवादी पार्टी को भी आजमगढ़ के विकास के मुद्दे पर घेरा गया। दिनेश चंद्रा ने कहा कि आजमगढ़ की दसों विधानसभा सीटों और दोनों लोकसभा सीटों पर वर्तमान में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि हैं, लेकिन इसके बावजूद जिले का विकास उस स्तर पर नहीं हुआ, जिस स्तर पर होना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि यदि आजमगढ़ की जनता बहुजन समाज पार्टी पर विश्वास करती है तो पार्टी जिले के विकास की पूरी जिम्मेदारी निभाएगी। जिले में नए उद्योग स्थापित कराने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुबारकपुर के उद्योगों को मजबूत करने का वादा-
बसपा नेता ने विशेष रूप से मुबारकपुर के पारंपरिक उद्योग-धंधों को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के उद्योगों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इससे खासकर मुस्लिम समुदाय सहित क्षेत्र के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलने की संभावना बढ़ेगी।
बैठक में कार्यकर्ताओं से गांव, सेक्टर और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया गया। नेताओं ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बसपा पूरी तैयारी और मजबूत संगठन के साथ लड़ेगी।
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर बसपा की नीतियों और सामाजिक न्याय के मुद्दों को पहुंचाने तथा संगठन को चुनावी स्तर पर मजबूत बनाने की अपील की।
0 टिप्पणियाँ