आजमगढ़ कोतवाली में 5 मामलों पर हुई काउंसलिंग, 4 मामलों में दोनों पक्ष रहे मौजूद।
आजमगढ़। थाना कोतवाली परिसर स्थित परिवार परामर्श प्रकोष्ठ/नई किरण में 20 अगस्त 2026 को पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए बैठक आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं नोडल अधिकारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के पर्यवेक्षण में आयोजित बैठक में कुल 5 पत्रावलियों में दोनों पक्षों को नोटिस और दूरभाष के माध्यम से बुलाकर काउंसलिंग की गई।
इनमें 4 मामलों में दोनों पक्ष उपस्थित हुए, जबकि परामर्शदात्री टीम के प्रयासों से एक मामले में सफल समझौता कराया गया। एक मामले में महिला ने आरोप लगाया था कि दहेज में चार पहिया वाहन की मांग पूरी न होने पर पति और ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। आरोप के अनुसार विदाई की तिथि निर्धारित होने के बावजूद विदाई नहीं कराई गई थी। दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने के बाद आपसी सहमति से विवाद का समाधान कराया गया।
समझौता प्राप्त पक्षकार गीता पुत्री रघुवर, निवासी दौलतपुर, थाना मेंहनगर, आजमगढ़ हैं। वहीं शेष तीन पत्रावलियों को अन्य कारणों से बंद कर दिया गया। अन्य लंबित प्रकरण में अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित कर पक्षकारों को नोटिस या फोन के माध्यम से सूचना दी जाएगी।
बैठक में उपनिरीक्षक महेन्द्र प्रसाद तिवारी, उपनिरीक्षक सत्यनारायण यादव, आरक्षी जितेन्द्र कुमार शाह और महिला आरक्षी नेहा सिंह मौजूद रहीं।
नई किरण प्रोजेक्ट का उद्देश्य आपसी संवाद और समझौते के माध्यम से बिखरते परिवारों को फिर से जोड़ना तथा पारिवारिक विवादों का सहमति से समाधान कर परिवारों में सौहार्द और विश्वास कायम करना है।