आजमगढ़ : अटेवा तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, पुरानी पेंशन बहाली की मांग बुलंद।

NPS-UPS और निजीकरण के विरोध में शिक्षकों-कर्मचारियों ने उठाई आवाज, 25 सितंबर को लखनऊ में बड़े आंदोलन की चेतावनी।
संवाददाता -धीरज वर्मा 
आजमगढ़। पुरानी पेंशन बहाली, NPS/UPS के विरोध, निजीकरण पर रोक और RTE लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों पर TET की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर अटेवा आजमगढ़ की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा डीएवी इंटर कॉलेज के पास स्थित गांधी तिराहे से शुरू होकर जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंची। अटेवा के अनुसार यात्रा में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए।
तिरंगा हाथों में लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने ‘पुरानी पेंशन बहाल करो’, ‘NPS-UPS वापस लो’ और ‘निजीकरण बंद करो’ जैसे नारे लगाए। अटेवा जिलाध्यक्ष सुभाष चंद यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली संगठन का संकल्प है और मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
जिला महामंत्री डॉ. रामजी वर्मा ने RTE से पहले नियुक्त शिक्षकों पर TET अनिवार्यता को अन्याय बताते हुए इसे समाप्त करने की मांग की। वरिष्ठ कर्मचारी नेता एवं संरक्षक गिरीश चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षक और कर्मचारी एकजुट हैं और यही एकता उनके संघर्ष की ताकत है।
यात्रा के बाद पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश और प्रधानमंत्री भारत सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में पुरानी पेंशन बहाल करने, निजीकरण रोकने और TET की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की गई।
अटेवा पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो 25 सितंबर 2026 को लखनऊ में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी, बिजली, राजस्व, ग्राम पंचायत, कृषि और सिंचाई समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ