जीयनपुर पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर आरोपी के खिलाफ शुरू की विधिक कार्रवाई।
आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र में किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 18 जुलाई 2026 को जीयनपुर थाना क्षेत्र निवासी महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी करीब 17 वर्षीय पुत्री से अभियुक्त राजू कुमार मोबाइल फोन के माध्यम से लगातार संपर्क कर रहा था। आरोप है कि शादी का झांसा देकर 15 जुलाई को घर पर किसी के मौजूद नहीं होने का लाभ उठाते हुए किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
तहरीर के आधार पर जीयनपुर थाने में मु0अ0सं0 310/2026, धारा 87/137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दल प्रताप सिंह द्वारा की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 अगस्त को उपनिरीक्षक दल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियुक्त राजू कुमार पुत्र रामसकल उर्फ रामप्रसाद, निवासी धुरियापार भवनपुर, थाना बेलघाट, जनपद गोरखपुर, उम्र करीब 21 वर्ष को जीयनपुर स्थित श्याम स्वीट हाउस के पास दोपहर करीब 12:50 बजे हिरासत में लिया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त से पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के क्रम में किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दल प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल शैलेश कुमार यादव, आरक्षी कर्णजीत विश्वकर्मा तथा महिला आरक्षी शिवांगी राय शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ