आजमगढ़ : विधायक निधि में 35 प्रतिशत कमीशन के आरोपों पर विजिलेंस जांच शुरू।

महराजगंज और आजमगढ़ की दो विधायकों पर आरोप; आजाद अधिकार सेना की शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान ने शुरू की पड़ताल।
लखनऊ/आजमगढ़। विधायक निधि से विकास कार्यों की अनुशंसा के बदले कथित कमीशन मांगने के आरोपों को लेकर उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान ने जांच शुरू कर दी है। मामला महराजगंज सदर के भाजपा विधायक जय मंगल कन्नौजिया और आजमगढ़ की मेंहनगर विधानसभा क्षेत्र की सपा विधायक पूजा सरोज से जुड़ा बताया जा रहा है। आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने इस संबंध में सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत की थी। शिकायत में एक स्टिंग रिपोर्ट का हवाला देते हुए दोनों विधायकों से जुड़े कथित कमीशन मांगने और धनराशि के लेन-देन के आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई थी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, स्टिंग में सत्यापन योग्य सामग्री सामने आने का दावा किया गया है। उन्होंने मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि शिकायत के संबंध में सतर्कता अधिष्ठान की गोरखपुर इकाई के एक निरीक्षक ने अमिताभ ठाकुर से संपर्क कर मामले से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। उन्हें जांच के संबंध में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई है।
मीडिया रिपोर्टों में भी दोनों विधायकों से जुड़े कथित कमीशन के आरोपों का उल्लेख किया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। अब विजिलेंस जांच में स्टिंग में सामने आए दावों, कथित लेन-देन और विधायक निधि से संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ