फरिहा-सरायमीर मार्ग पर ईदगाह के पास हुआ हादसा, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव।
संवाददाता -अबुल कैश
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा-सरायमीर मार्ग पर ईदगाह के पास रविवार देर रात सड़क हादसे में 62 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान फरिहा निवासी मातादीन यादव पुत्र स्वर्गीय राम किशोर के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, मातादीन यादव रविवार देर रात शौच के लिए जाने के दौरान सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच सरायमीर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही डीसीएम संख्या UP 16 ET 2667 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल वृद्ध को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही निजामाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को अपने कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
0 टिप्पणियाँ