इंजीनियरिंग सिर्फ निर्माण नहीं, समाज की समस्याओं का समाधान भी: जगदीश प्रसाद सोनकर

अभियंता दिवस पर प्रोफेशनल इंजीनियर्स एंड आर्किटेक्ट्स एसोसिएशन ने आयोजित किया समारोह, उत्कृष्ट अभियंताओं को किया सम्मानित।
आजमगढ़। अभियंता दिवस के अवसर पर प्रोफेशनल इंजीनियर्स एंड आर्किटेक्ट्स एसोसिएशन की ओर से हरवंशपुर स्थित एक होटल के सभागार में अभियंता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के प्रथम सिविल इंजीनियर एवं महान अभियंता मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके जीवन और देश के निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
समारोह के दौरान जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले इंजीनियरों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में अभियंताओं के योगदान और उनकी जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।
एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव इंजीनियर राजेश सिंह पालीवाल ने कहा कि देश के विकास में इंजीनियरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति में उसके तकनीकी संसाधनों और कुशल अभियंताओं का विशेष योगदान होता है। अभियंताओं को आपसी एकजुटता बनाए रखते हुए अपने कार्यक्षेत्र में पूरी क्षमता और जिम्मेदारी के साथ योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी क्षेत्र में निरंतर प्रगति के माध्यम से देश को विकास की अग्रिम पंक्ति में ले जाने में अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
अध्यक्षीय संबोधन में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर जगदीश प्रसाद सोनकर ने कहा कि वर्तमान समय में इंजीनियरिंग का दायरा केवल भवनों और अन्य निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है। इंजीनियरिंग के माध्यम से समाज के सामने मौजूद अनेक मूलभूत समस्याओं के समाधान में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने अभियंताओं से राष्ट्र निर्माण के कार्य में ईमानदारी, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह में उपस्थित इंजीनियरों और आर्किटेक्ट्स ने देश एवं समाज की प्रगति के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि तकनीकी ज्ञान और विशेषज्ञता का उपयोग जनहित तथा विकास कार्यों को बेहतर बनाने में किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन इंजीनियर सुनील यादव ने किया। समारोह में एसोसिएशन के संरक्षक मिर्जा अशहद बेग, मिर्जा हाफिज बेग, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, मुहम्मद हलीमुल्लाह, नेहा मौर्या, संध्या भारती, विनोद पांडेय, अरुण प्रजापति, प्रभाकर यादव, अमित यादव, राजगौरव वर्मा, राजेश कुमार, अहमद फुरकान, राहुल कांत, दीपक यादव, मनोज कुमार सिंह, द्वारिका प्रसाद श्रीवास्तव, अश्वनी कुमार, इन्द्रजीत चौहान सहित बड़ी संख्या में इंजीनियर एवं आर्किटेक्ट मौजूद रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ