आजमगढ़ : डेंगू-मलेरिया की रोकथाम को लेकर गांवों में चला स्वच्छता अभियान।

ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने एंटी लार्वा का किया छिड़काव, लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक।
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। जनपद में डेंगू, मलेरिया समेत मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर स्वच्छता अभियान तेज किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा साफ-सफाई के साथ-साथ एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को विकासखंड पल्हनी क्षेत्र में जिलाधिकारी के आवास के पीछे स्थित कांशीराम आवास और आर्यन पब्लिक स्कूल के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने आसपास जमा गंदे पानी और कूड़े-कचरे की सफाई की तथा मच्छरों के लार्वा की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव किया।
अभियान के दौरान ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने लोगों को अपने आसपास पानी जमा न होने देने और साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया। कर्मचारियों ने कहा कि मच्छरों के पनपने वाले स्थानों की नियमित सफाई और पानी का ठहराव रोकना मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण है। लोगों से घरों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की गई।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे इस अभियान का उद्देश्य गांवों और आवासीय क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा बरसात के मौसम में मच्छरों के प्रजनन को रोकना है। अधिकारियों के निर्देश पर ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा अलग-अलग ग्राम पंचायतों में लगातार सफाई और दवा छिड़काव का कार्य किया जा रहा है।
अभियान के दौरान गुलाब चौरसिया, अभय चौहान सहित अन्य ग्रामीण सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमित सफाई और जागरूकता के माध्यम से विभिन्न संक्रामक एवं मच्छरजनित रोगों के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ