लखीमपुर खीरी गोलीकांड: पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, शिक्षिका को लगी थीं चार गोलियां।

सीसीटीवी में शिक्षिका को पहली मंजिल की ओर ले जाता दिखा आरोपी; घटना के बाद सऊद अंसारी ने खुद को भी गोली मार ली…
लखीमपुर खीरी। शहर के चिल्ड्रेंस एकेडमी स्कूल में शिक्षिका निशात फातिमा की गोली मारकर हत्या और आरोपी सऊद अंसारी की मौत के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से घटना को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, शिक्षिका के सिर में चार गोलियां लगी थीं, जबकि आरोपी सऊद को एक गोली लगी, जो उसने कथित तौर पर अपनी कनपटी पर मारी थी।
पोस्टमॉर्टम के दौरान शिक्षिका के सिर से तीन गोलियां बरामद होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि एक अन्य गोली बाहर निकलकर बालों में फंस गई थी। घटना के बाद पुलिस को मौके से चार खोखे और एक कारतूस मिला था। पुलिस अब बरामद कारतूस और खोखों समेत घटनाक्रम की जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज से सामने आया घटनाक्रम-
घटना से पहले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें आरोपी शिक्षिका को कथित तौर पर खींचकर स्कूल की पहली मंजिल की ओर ले जाता दिखाई दे रहा है। बताया गया है कि दोनों के बीच बातचीत के बाद गोलीबारी हुई।
पुलिस के मुताबिक, 28 वर्षीय सऊद अंसारी शिक्षिका से मिलने के बहाने स्कूल परिसर में दाखिल हुआ था। दोनों के पहली मंजिल पर सीनियर केजी कक्षा के बाहर पहुंचने के बाद विवाद हुआ और आरोपी ने कथित तौर पर तमंचे से शिक्षिका पर गोली चला दी।
पुलिस के अनुसार, शिक्षिका ने बचने की कोशिश की, जिसके बाद आरोपी ने दोबारा फायरिंग की। इसके बाद सऊद ने खुद को गोली मार ली।
मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को आधार बनाकर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आगे की जांच से घटना के पीछे की वजह और फायरिंग की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट होने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ