हरियाणा में बिजली क़ी चपेट में आने से युवक की मौत, आजमगढ़ शव पहुंचते ही मचा कोहराम।

बहादुरगढ़ की फुटवियर कंपनी में इलेक्ट्रिशियन था विजय प्रताप यादव, तमसा-कुंवर नदी संगम तट पर गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार।
फरिहा, आजमगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के बड़ागांव निवासी विजय प्रताप यादव (28) पुत्र जगमोहन यादव की हरियाणा में करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। रविवार सुबह करीब 10 बजे एंबुलेंस से शव गांव स्थित घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया, वहीं युवक की मौत की खबर से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि विजय प्रताप यादव हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित सेक्टर-17 की एशियन फुटवियर कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार की रात करीब 12:30 बजे कंपनी में काम करने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद साथियों ने उन्हें तत्काल नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
रविवार सुबह शव गांव पहुंचने पर पत्नी और बच्चों सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बताया गया कि विजय परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थे। उनके पिता जगमोहन यादव की तबीयत भी खराब रहती है। परिवार में पत्नी के अलावा पांच वर्ष का बेटा और एक छोटी बेटी है। विजय की अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
परिजनों के अनुसार विजय परिवार के भरण-पोषण के लिए हरियाणा में रहकर मेहनत करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रविवार को दत्तात्रेय धाम स्थित तमसा-कुंवर नदी के संगम तट पर गमगीन माहौल में विजय प्रताप यादव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की आंखें नम रहीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ