आजमगढ़ : फरिहा रेलवे क्रॉसिंग पर टूटी सड़क बनी परेशानी, पटरी पर वाहन बंद होने से हादसे का खतरा।

पटरियों के बीच ऊबड़-खाबड़ रास्ते से वाहन चालकों को परेशानी, स्थानीय लोगों ने तत्काल मरम्मत की उठाई मांग।
संवाददाता—अबुल कैश
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा रेलवे क्रॉसिंग पर पटरियों के बीच बनी सड़क की जर्जर हालत राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। क्रॉसिंग के अंदर सड़क कई स्थानों पर टूट गई है और जगह-जगह ऊबड़-खाबड़ तथा ऊंची-नीची हो गई है। इसके चलते वाहन चालकों को रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय काफी सावधानी बरतनी पड़ती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की खराब स्थिति के कारण कई बार दोपहिया और चारपहिया वाहन पटरियों के बीच फंस जाते हैं या बंद हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में वाहन को आगे बढ़ाने के लिए लोगों को उतरकर धक्का लगाना पड़ता है। रेलवे ट्रैक पर वाहन के रुक जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, खासकर उस समय जब ट्रेन के आने का समय हो।
लोगों का कहना है कि फरिहा रेलवे क्रॉसिंग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों के साथ पैदल राहगीरों का आवागमन होता है। इसके बावजूद पटरियों के बीच क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को क्रॉसिंग पार करने में समय भी अधिक लगता है और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने रेलवे विभाग से मांग की है कि क्रॉसिंग के अंदर पटरियों के बीच क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कर उसे समतल कराया जाए, ताकि वाहन सुरक्षित और आसानी से रेलवे क्रॉसिंग पार कर सकें। लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो पटरी पर किसी वाहन के फंसने की घटना गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ