कंधरापुर थाना क्षेत्र में शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी।
संवाददाता -विवेक राजभर
आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की स्थिति को देखते हुए आसपास के लोगों में हत्या की आशंका को लेकर चर्चा होती रही। हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार श्रीनगर (सियरहा) स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से सेहदा की तरफ करीब एक किलोमीटर आगे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 238.6 के पास सुबह लगभग छह बजे एक राहगीर ने सर्विस लेन के नीचे झाड़ियों में शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण वहां पहुंच गए और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटनास्थल सीमा क्षेत्र से संबंधित होने के चलते बिलरियागंज और कंधरापुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र लगभग 48 वर्ष बताई जा रही है।
शव का चेहरा रक्तरंजित अवस्था में मिलने के कारण मौके पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि व्यक्ति की हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया होगा। हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी आशंका की अभी पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतक की पहचान और उसकी मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तथा पुलिस की जांच आगे बढ़ने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है, ताकि मृतक की पहचान कर घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
0 टिप्पणियाँ