आजमगढ़ पुलिस लाइन के खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो चैंपियनशिप में लहराया परचम, जीते 27 पदक।

10 स्वर्ण, 13 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का गौरव, 10 खिलाड़ियों का ओपन नेशनल चैंपियनशिप के लिए चयन! 
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। वामा सारथी के तहत संचालित खेल पहल में आजमगढ़ पुलिस लाइन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में पुलिस लाइन के खिलाड़ियों ने कुल 27 पदक अपने नाम किए। इनमें 10 स्वर्ण, 13 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 10 खिलाड़ियों का चयन ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए किया गया है।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 10 और 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 22 जनपदों की टीमों ने हिस्सा लिया था। आजमगढ़ पुलिस लाइन के 40 बच्चों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस लाइन में बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा निखारने के लिए यह पहल संचालित की जा रही है।
इस उपलब्धि पर आईपीएस अधिकारी मानुष पारीक ने पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेताओं में दीपांशी गुप्ता, सौम्या पटेल, गौरवी गुप्ता, परिधि गुप्ता, अनुराग, स्वामी निषाद, अंशु यादव, अंशिका सिंह, आंशि यादव और हर्षित शामिल रहे। रजत पदक विजेताओं में श्रेया यादव, गौरवी गुप्ता, समृद्धि ओझा, दिव्यांशी, शिखर वर्मा, परिधि, शिवम वर्मा, अनुराग, गौर आर्यन, गौण आर्यन गुप्ता, स्वाति निषाद, अंशु यादव और अनमोल के नाम शामिल हैं। वहीं, कांस्य पदक दिश्या सिंह, आरवी जायसवाल, शिशिर चौधरी और दीपक ने जीते। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक, टीम मैनेजर उपनिरीक्षक चंद्रहस राम, कोच सुनील कुमार शिंदे सहित पुलिसकर्मी और सहयोगी मौजूद रहे। खिलाड़ियों की इस सफलता को बच्चों में खेल भावना विकसित करने और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ