Azamgarh : बकरी चोर गिरोह के सदस्य से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार।

तमंचा-कारतूस, बाइक और ₹1,560 बरामद; सिधारी की दो और जीयनपुर की एक बकरी चोरी का खुलासा, गिरोह का सरगना फरार।
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस और बकरी चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन और चोरी की बकरी बेचने से मिले ₹1,560 बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सिधारी क्षेत्र की दो तथा जीयनपुर क्षेत्र की एक बकरी चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बकरी चोरी गिरोह के दो सदस्य मोटरसाइकिल से समेंदा की ओर से शाहगढ़ की तरफ आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने समेंदा-पूरा ठकुराई मार्ग पर लोहारी मोड़ पुलिया के पास घेराबंदी की।
कुछ देर बाद मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध वहां पहुंचे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बाइक गिर गई। पुलिस के अनुसार बाइक चालक कलीम ने अपने साथी आसिफ को पुलिस टीम पर फायर करने के लिए कहा और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद पीछे बैठे आसिफ ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की चेतावनी के बावजूद दोबारा फायरिंग का प्रयास किए जाने पर जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें गोली आसिफ के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी। उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र हसीब, निवासी अशरफपुर, थाना जीयनपुर, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह कलीम और अन्य साथियों के साथ मिलकर बकरी चोरी करता था। पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को दौलतपुर से दो बकरी, 20 सितंबर को समेंदा से एक बकरी तथा 16 सितंबर को जीयनपुर क्षेत्र के बैरियाडिह से तीन बकरी चोरी करने की घटनाओं में उसकी संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि समेंदा से चोरी की गई बकरी को बेचने के बाद आसिफ के हिस्से में आए ₹1,560 भी बरामद हुए हैं। मामले में सिधारी थाने पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार फरार कलीम पुत्र इस्लाम निवासी शाहपुर, थाना जीयनपुर के खिलाफ पहले से 38 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार आसिफ के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ