कार पार्किंग हटाने, खराब लाइट-कैमरा दुरुस्त कराने और जलभराव की समस्या दूर करने की मांग; सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात करने की भी उठाई आवाज।
रिपोर्ट: राकेश गौतम
आजमगढ़। डॉ. आंबेडकर पार्क की विभिन्न समस्याओं को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिलाधिकारी आजमगढ़ से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान पार्टी की ओर से जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर पार्क की व्यवस्थाओं में सुधार और सौंदर्यीकरण की मांग की गई।
पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मवीर भारती की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया कि जिला मुख्यालय के सामने स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है, जो बहुजन समाज की आस्था का केंद्र है। पदाधिकारियों ने पार्क के अंदर बने कार पार्किंग स्थल को हटाने की मांग की।
पत्र में प्रतिमा के ऊपर लगी छत की लाइट और कैमरा लंबे समय से खराब होने का उल्लेख करते हुए उन्हें तत्काल ठीक कराने की मांग की गई। इसके साथ ही बारिश के दिनों में पार्क में जलभराव की समस्या को देखते हुए जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की बात कही गई।
पदाधिकारियों ने पार्क में शराब और नशे से संबंधित गतिविधियों की शिकायत का भी उल्लेख करते हुए पार्क एवं डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा की देखरेख और सुरक्षा के लिए एक गार्ड की नियुक्ति किए जाने की मांग की।
आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से सभी समस्याओं का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया। इस दौरान भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला उपाध्यक्ष नवनीत रंजन सहित दर्जनों की संख्या में पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ