पुलिस ने चापड़, लकड़ी का ठीहा और इलेक्ट्रॉनिक तराजू समेत अन्य सामान किया बरामद; आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस।
फरिहा, आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा गांव में शुक्रवार देर रात पुलिस ने गोवंश काटकर मांस बेचने की सूचना पर एक मकान में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, मकान के आंगन से तीन प्लास्टिक की बोरियों में रखा करीब एक कुंतल गोमांस बरामद किया गया। मौके से चापड़, लकड़ी का ठीहा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, प्लास्टिक की थैलियां और अन्य सामान भी मिला है। मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक राजेश कुमार राय शुक्रवार देर शाम पुलिसकर्मियों के साथ फरिहा पुलिस बूथ पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि फरिहा निवासी जाहिद पुत्र मैनुद्दीन के मकान में गोवंश काटकर मांस बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि मकान के अंदर मौजूद कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर छत के रास्ते फरार हो गए।
पुलिस ने बरामद मांस और अन्य सामान को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में गोवध निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, मांस के स्रोत और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ