पीडीए सम्मेलन का वीडियो वायरल होने से बढ़ी हलचल, जिला कार्यकारिणी और पार्टी की अन्य इकाइयां भी भंग!
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में समाजवादी पार्टी के पीडीए सम्मेलन के दौरान खाली कुर्सियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्टी में हलचल तेज हो गई है। आयोजन में कम उपस्थिति को लेकर उठे सवालों के बीच संगठनात्मक स्तर पर कार्रवाई की गई है। पार्टी ने जिलाध्यक्ष को पद से हटाने के साथ ही जिला कार्यकारिणी को भी भंग कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सम्मेलन का वीडियो सामने आने के बाद मामला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचा। आयोजन में व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर नाराजगी की चर्चा के बीच प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने रविवार शाम जिलाध्यक्ष कलीम खान को पद से हटा दिया। इसके साथ ही जिला कार्यकारिणी और जिले की अन्य पार्टी इकाइयों को भी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया।
समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए वर्ग को अपने राजनीतिक अभियान का प्रमुख आधार बना रही है। पार्टी नेतृत्व इस रणनीति के जरिए विभिन्न सामाजिक वर्गों को जोड़ने पर जोर दे रहा है।
ऐसे में कन्नौज जैसे महत्वपूर्ण राजनीतिक क्षेत्र में सम्मेलन के दौरान खाली कुर्सियों का मामला संगठन के लिए चर्चा का विषय बन गया है। चुनाव से पहले हुई इस कार्रवाई को पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। अब जिले में नए संगठन के गठन और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर नजरें टिकी हैं।
0 टिप्पणियाँ