आजमगढ़ : माहुल बाजार में बैंक के सामने मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका!

रसूलपुर अहमद अली गांव निवासी परवेज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल बाजार में सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा के सामने एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे शव देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और उसकी पहचान रसूलपुर अहमद अली गांव निवासी परवेज (करीब 35 वर्ष) के रूप में की। परवेज शादी-विवाह समारोहों में कैटरिंग का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के स्वजन ने गांव के ही दो लोगों पर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मौत को संदिग्ध बताया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। अहरौला थाना प्रभारी मंतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और परिजनों के आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ