सपा नेता प्रदीप कुमार सहाय ने फीता काटकर किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, विजेता धावकों को सम्मानित कर ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर दिया जोर।
सगड़ी, आजमगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से विधानसभा सगड़ी क्षेत्र स्थित श्री सुभाष इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आनंद डिफेंस एकेडमी के तत्वावधान में 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी शारीरिक क्षमता, मेहनत तथा खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजवादी मजदूर सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप कुमार सहाय ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने रस्सा पोल का भी उद्घाटन किया। दौड़ प्रतियोगिता में सुशील कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। संदीप पटेल दूसरे और आदित्य यादव तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर प्रदीप कुमार सहाय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाशाली युवाओं की कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित संसाधन, बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिले, तो वे प्रदेश और देश स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं।
उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं को खेल और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आनंद डिफेंस एकेडमी के आयोजक आनंद शर्मा (फौजी), अंतिम सिंह, मुन्नू सिंह, राजू यादव, शिवम शर्मा सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका रही। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेताओं को बधाई दी।
0 टिप्पणियाँ