आजमगढ़: सरदार पटेल की जयंती पर सपा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना!

नेहरू हॉल में आयोजित कार्यक्रम में लालजी वर्मा ने किसानों के मुद्दे उठाए, कहा—पटेल के आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि! 
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी की ओर से शनिवार को नेहरू हॉल, कलेक्ट्रेट आजमगढ़ में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री लालजी वर्मा रहे। इस दौरान पार्टी नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लालजी वर्मा ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया। उन्होंने खेड़ा और बारडोली के किसान आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।
लालजी वर्मा ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि धर्म और जाति के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसान आज अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनके मुताबिक, सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि किसानों के हितों की रक्षा और उनके सपनों के अनुरूप देश का निर्माण करना है। उन्होंने समाजवादी पार्टी की नीतियों का उल्लेख करते हुए पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की, जबकि संचालन अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमारन ने किया।
इस अवसर पर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, विधायक डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, अखिलेश यादव, पूजा सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ