2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर होगा मंथन, संगठन की मजबूती और सरकार की उपलब्धियों को राजनीतिक प्रस्ताव में मिलेगी जगह!
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी अपनी चुनावी रणनीति को धार देने में जुट गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में संगठन की मजबूती, सरकार के कामकाज और आगामी चुनावी एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक के माध्यम से पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने की रणनीति का खाका प्रस्तुत करेगी। राजनीतिक प्रस्ताव में संगठन की ओर से किए गए कार्यों, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भविष्य की प्राथमिकताओं को प्रमुखता दिए जाने की तैयारी है। पार्टी का जोर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और कमजोर क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने पर रहेगा।
कार्यसमिति की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बृहस्पतिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और प्रदेश सह-प्रभारियों मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा तथा प्रदीप वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और राजनीतिक एजेंडे पर चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठन को मजबूत बनाने और कमजोर क्षेत्रों में अधिक सक्रियता के साथ काम करने पर जोर दिया। उन्होंने पंजीकरण, भोजन, यातायात और कार्यक्रम स्थल की सजावट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां तय किए जाने की जानकारी दी।
वहीं, धर्मपाल सिंह ने आयोजन को अनुशासित, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए बेहतर समन्वय, सूक्ष्म प्रबंधन तथा टीमवर्क की आवश्यकता पर बल दिया। अब इस बैठक में अमित शाह और योगी आदित्यनाथ के संबोधन तथा राजनीतिक प्रस्ताव के जरिए सामने आने वाले संदेश पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।
0 टिप्पणियाँ