आजमगढ़ : अतिवृष्टि से कच्चा मकान ढहा, गरीब बुजुर्ग महिला का परिवार बेघर; मदद की गुहार।

प्रेमा ने आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता और सरकारी आवास दिलाने की मांग की, निरीक्षण रिपोर्ट में प्रभावित सदस्यों के नाम दर्ज न होने का लगाया आरोप.
निजामाबाद (आजमगढ़)। तहसील निजामाबाद क्षेत्र के ग्राम अहमदाबाद, पोस्ट व ब्लॉक मिर्जापुर की निवासी बुजुर्ग महिला प्रेमा पत्नी स्वर्गीय लालमन ने अतिवृष्टि से कच्चा मकान गिरने के बाद आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता और सरकारी आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि मकान गिरने से परिवार को भारी नुकसान हुआ है और उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
पीड़िता की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को हुई भारी बारिश के कारण उनका कच्चा मकान पूरी तरह ढह गया। इससे घर में रखा राशन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गया। महिला ने बताया कि वह बुजुर्ग हैं और लंबे समय से आर्थिक तंगी का सामना कर रही हैं। ऐसे में मकान गिरने के बाद परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
प्रेमा का आरोप है कि घटना के बाद मौके का निरीक्षण किया गया, लेकिन तैयार की गई रिपोर्ट में परिवार के सभी प्रभावित सदस्यों के नाम दर्ज नहीं किए गए। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र स्वर्गीय उदयमान और उनकी पत्नी मीनाक्षी का भी निधन हो चुका है। पीड़िता ने प्रभावित परिवार के सदस्यों के नाम नियमानुसार दर्ज कराकर राहत सहायता दिलाने की मांग की है।
इस संबंध में पीड़िता ने संपूर्ण समाधान दिवस प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता और निराश्रित परिवार को सरकारी आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
अब संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले की जांच कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर पीड़ित परिवार की निगाहें टिकी हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ