आजमगढ़: शिब्ली नेशनल कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया शिब्ली डे, कुलपति प्रो. संजीव कुमार रहे मुख्य अतिथि।

29 विद्यार्थियों को नेट-जेआरएफ और 13 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल मिलने पर किया गया सम्मानित, दो पुस्तकों का विमोचन।
संवाददाता -धीरज वर्मा 
आजमगढ़। शिब्ली नेशनल कॉलेज, आजमगढ़ में बुधवार को महान शिक्षाविद्, इतिहासकार एवं विचारक अल्लामा शिब्ली नोमानी की स्मृति में शिब्ली डे हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के कुलपति प्रो. संजीव कुमार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता द आजमगढ़ मुस्लिम एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. शौकत अली ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ एनसीसी एएनओ डॉ. आसिम खान के नेतृत्व में मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ हुआ। इसके बाद कारी मोहम्मद आसिफ ने तिलावत-ए-कलाम पाक प्रस्तुत की। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान प्रबंध समिति के अध्यक्ष अबूसाद अहमद शम्सी एवं सचिव अनवर अहमद भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने अल्लामा शिब्ली नोमानी के जीवन, विचारों, साहित्यिक योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में उनके कार्यों पर प्रकाश डाला। उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद ताहिर ने कहा कि अल्लामा शिब्ली ने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद समाज सुधार, लेखन और शिक्षा के अपने मिशन को जारी रखा। वहीं, सचिव अनवर अहमद ने कहा कि शिब्ली साहब के विचारों का सार सभी को साथ लेकर चलना है।
मुख्य अतिथि प्रो. संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को सफलता के पांच सूत्र बताते हुए लक्ष्य निर्धारण, मोबाइल के उपयोग में समय प्रबंधन, आत्मविश्वास, निरंतर अभ्यास और शिक्षकों के प्रति सम्मान को जीवन में अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन के साथ इन बातों का पालन करने से विद्यार्थी अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ सकते हैं।
शिब्ली पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित रंगोली, पेंटिंग, कैलीग्राफी, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, बैतबाजी, ज़ौक-ए-अदब, रील एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए।
समारोह का विशेष आकर्षण महाविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान रहा। नेट एवं जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 29 विद्यार्थियों तथा गोल्ड मेडल हासिल करने वाले 13 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रो. मोहम्मद ताहिर और प्रो. मोहम्मद खालिद की दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। इनमें प्रो. मोहम्मद खालिद की अंग्रेजी एवं उर्दू में प्रकाशित पुस्तक Revisiting Allama Shibli Nomani’s Educational Vision: Contemporary Relevance and Institutional Challenges प्रमुख रही। पुस्तक में अल्लामा शिब्ली नोमानी के शैक्षिक दृष्टिकोण, उसकी वर्तमान प्रासंगिकता और संस्थागत चुनौतियों पर चर्चा की गई है।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. शौकत अली ने विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन अल्लामा शिब्ली नोमानी की शैक्षिक एवं वैचारिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रो. मोहम्मद खालिद एवं असिस्टेंट प्रोफेसर सीमा सादिक ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ