जमीन विवाद की रंजिश में करीब 10 लोगों पर मारपीट का आरोप, जिला अस्पताल में घायल का उपचार जारी!
रिपोर्ट: राकेश गौतम
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के ग्राम बातन में लक्ष्मी पूजा एवं भंडारे के दौरान एक युवक पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में अवनीश सिंह पुत्र स्वर्गीय इंद्रजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई है। बेहोशी की हालत में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी में उनका उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, अवनीश सिंह का गांव के ही अनिल सिंह पक्ष से जमीन पर कब्जे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव था।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि लक्ष्मी पूजा और भंडारे के दौरान अनिल सिंह अपने पुत्रों तथा अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे और अवनीश सिंह पर हमला कर दिया। इस मामले में अंशुमान सिंह, अंकुर सिंह, अनिल सिंह, राजेंद्र सिंह और पीयूष सिंह सहित करीब 10 लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया गया है। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह घायल युवक को हमलावरों से बचाया।
घटना की सूचना मिलने पर रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया। घायल अवनीश सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
0 टिप्पणियाँ