आजमगढ़, जौनपुर व गाजीपुर में चोरी की कई वारदातों का खुलासा, करीब 20 लाख रुपये का सामान बरामद; एक आरोपी फरार।
आजमगढ़। तरवां थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गिरोह के सरगना सुनील कुमार को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरोह आजमगढ़, जौनपुर और गाजीपुर के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर करीब 20 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभिषेक सिंह फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, तरवां थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हार्डवेयर की दुकान, टीवीएस एजेंसी और टायर की दुकान में चोरी की घटनाएं हुई थीं। सिंहपुर चकिया बाजार स्थित राधा हार्डवेयर की दुकान से पेंट, मशीनें व अन्य सामान, भरथीपुर स्थित टीवीएस एजेंसी से मोटरसाइकिल, मोबिल ऑयल और नकदी तथा अहिरौली की टायर दुकान से टायर व मशीन चोरी हुई थी। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगातार जांच और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थीं।
18 नवंबर की रात कबूतरा बाजार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी का सामान लेकर कुछ लोग डस्टर कार से खरिहानी-चिरैयाकोट मार्ग होते हुए मऊ की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने लमिया मोड़ के पास घेराबंदी कर सफेद डस्टर को रोकने का प्रयास किया। कार चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन वाहन बंद हो जाने पर पुलिस ने उसमें सवार राहुल कुमार निवासी मेहनगर, आजमगढ़ और नितेश निवासी बहरियाबाद, गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
कार और आरोपियों की निशानदेही पर रोशनपुर जंगल में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान भी बरामद किया गया। बरामद सामान में मोटरसाइकिलें, टायर, पेंट, मोबिल ऑयल, हार्डवेयर उपकरण और विभिन्न दुकानों से चोरी की गई सामग्री शामिल है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त डस्टर कार को भी सीज कर दिया।
दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान गिरोह के सरगना सुनील कुमार निवासी चंदवक, जौनपुर के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर की सुबह दर्रोपुर मोड़ के पास चेकिंग के दौरान सुनील कुमार चोरी की अपाची मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा और मोटरसाइकिल फिसलने से गिर गया। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में सुनील के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए पीएचसी तरवां भेजा गया।
पुलिस ने सुनील के कब्जे से एक देशी तमंचा, खोखा कारतूस, 53 हजार रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है।
बरामद सामान में चार मोटरसाइकिलें, 15 टायर, पेंट के 42 डिब्बे, मोबिल ऑयल के 84 डिब्बे, लैपटॉप, एलईडी टीवी, प्रिंटर, इन्वर्टर, बैटरी, सोलर पैनल, किराना सामान और विभिन्न मशीनें शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य रात में दुकानों और बाजारों की रेकी कर सुनसान स्थानों को निशाना बनाते थे। शटर तोड़कर या ताला खोलकर मोटरसाइकिल, टायर, मोबिल ऑयल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, हार्डवेयर और किराना सामान चोरी करने के बाद डस्टर कार से दूसरे स्थानों पर ले जाकर बेचते थे तथा रकम आपस में बांट लेते थे।
गिरोह के सरगना सुनील कुमार के खिलाफ जौनपुर और आजमगढ़ में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 50 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस फरार आरोपी अभिषेक सिंह की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
0 टिप्पणियाँ