दीपावली पर घर में लगाई गई सजावटी लाइट समेटने के लिए छत पर चढ़े थे शिवराम यादव, परिवार में मचा कोहराम।
मुहम्मदपुर (आजमगढ़)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बेलवार पार गांव निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग की मंगलवार सुबह हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह घर की छत पर लगी दीपावली की सजावटी झालर उतार रहे थे। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, बेलवार पार गांव निवासी शिवराम यादव उर्फ गुम्मा यादव पुत्र स्वर्गीय लौटन यादव मंगलवार सुबह असुरायन स्थित अपने घर की छत पर दीपावली के दौरान लगाई गई झालर समेटने के लिए चढ़े थे। इसी दौरान छत के पास से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए। बताया गया कि आसपास मौजूद लोगों ने हादसा देखकर शोर मचाया। आवाज सुनकर लोग छत की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक शिवराम यादव की मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक तीन बेटों के पिता थे। उनकी पत्नी राधिका का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का इस हादसे से गहरा दुख है। इस संबंध में गंभीरपुर थाना अध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें अभी तक मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। सही जानकारी प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ