प्रदीप सहाय बोले- संविधान ने दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज को दिलाए अधिकार, बाबा साहेब के योगदान को किया याद!
सगड़ी, आजमगढ़। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को विधानसभा सगड़ी क्षेत्र के आराजी देवारा करखिया स्थित कार्यालय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर समाजवादी मजदूर सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप कुमार सहाय ने कहा कि भारतीय संविधान की वजह से ही दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज को अपने अधिकार प्राप्त हुए हैं। यदि देश में संविधान नहीं होता तो इन वर्गों को आज भी सामाजिक और राजनीतिक रूप से पिछड़ेपन का सामना करना पड़ता। संविधान ने वंचित और कमजोर वर्गों को समानता, सम्मान और आगे बढ़ने का अधिकार दिया है।
उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि संविधान के आदर्शों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए संविधान में निहित मूल्यों को अपनाना चाहिए। गोष्ठी में वक्ताओं ने संविधान की रक्षा, सम्मान और उसके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। साथ ही समतामूलक, न्यायपूर्ण और समानता आधारित समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम का समापन जय भीम, जय भारत और जय संविधान के उद्घोष के साथ हुआ।
0 टिप्पणियाँ