आरक्षण, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर सरकारों को घेरा; बोलीं- बाबा साहेब के संविधान की भावना को जमीन पर उतारना जरूरी!
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संविधान दिवस पर केंद्र और राज्य सरकारों को सामाजिक न्याय, आरक्षण, गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर घेरा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान की मूल भावना को वास्तविक रूप में लागू करना जरूरी है।
26 नवंबर को सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में मायावती ने कहा कि दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अन्य उपेक्षित वर्गों को जातिवादी शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए बाबा साहेब ने आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने आत्मसम्मान और स्वाभिमान को बहुजन समाज की तरक्की की मास्टर चाबी बताया।
मायावती ने सवाल उठाया कि क्या केंद्र और राज्य सरकारों ने आरक्षण के संवैधानिक दायित्व के साथ गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान जैसी बुनियादी जरूरतों को ईमानदारी से पूरा किया है? यदि ऐसा नहीं हुआ तो सरकारों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक स्वतंत्रता पर्याप्त नहीं है, बल्कि देश के समग्र विकास के लिए सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र भी जरूरी है। उत्तर प्रदेश में BSP के चार शासनकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय' की नीति पर चलते हुए सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति की मजबूत बुनियाद रखी।
बसपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड और पंजाब में भी विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में बाबा साहेब के संविधान की पवित्र भावना को जमीन पर उतारना जरूरी है। उन्होंने जातिवादी और सामंती सोच से ऊपर उठकर सर्वसमाज के हितों की राजनीति करने पर जोर दिया।
मायावती ने उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने तथा जनहित, जनकल्याण और विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ेपन और पलायन से परेशान लोगों को खुशहाल जीवन उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।
जालंधर में BSP की जनसभा-
मायावती ने बताया कि संविधान दिवस पर पंजाब के जालंधर जिले के फिल्लौर में BSP की ओर से जनसभा आयोजित की जा रही है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
अंत में उन्होंने देशवासियों से बाबा साहेब के विचारों और संविधान की मूल भावना को अपनाने का संकल्प लेने की अपील करते हुए 'जय भीम, जय भारत, जय संविधान' का संदेश दिया।
0 टिप्पणियाँ