आजमगढ़: बसपा की मंडल स्तरीय बैठक में उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम, अंबेडकर पुण्यतिथि कार्यक्रम को सफल बनाने की बनी रणनीति।

6 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित होगा कार्यक्रम, पूर्व सांसद घनश्याम चंद्र खरवार रहे मुख्य अतिथि, भीम राजभर ने की अध्यक्षता; बैठक के दौरान झपकी लेते नजर आए सगड़ी के प्रभारी प्रत्याशी शंकर यादव
आजमगढ़। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के तत्वावधान में 18 नवंबर को आजमगढ़ के करतारपुर तिराहा स्थित ब्रह्मस्थान के शुकुन्तलम मैरिज हॉल में मंडल स्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 6 दिसंबर को होने वाली पुण्यतिथि पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तैयार करना रहा।
यह कार्यक्रम लखनऊ के गोमती नगर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पर आयोजित होगा। बसपा सुप्रीमो बहन मायावती के निर्देश पर प्रदेशभर में बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आजमगढ़ मंडल की यह महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद घनश्याम चंद्र खरवार उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विभिन्न मंडलों की प्रभारी इंदू चौधरी ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने की।
इस अवसर पर मंडल प्रभारी विनोद चौहान, विजय कुमार, ओमकार शास्त्री, जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार, जिला उपाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में सगड़ी विधानसभा क्षेत्र से बसपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रभारी प्रत्याशी शंकर यादव, दीदारगंज से अब्दुल कैश आजमी, लालगंज से पंकज कुमार तथा फूलपुर से पलई हिटलर सहित कई पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान चर्चा में रहे शंकर यादव-
कार्यक्रम के दौरान एक अलग तस्वीर भी चर्चा का विषय बनी। सगड़ी विधानसभा से बसपा के प्रभारी प्रत्याशी शंकर यादव बैठक में झपकी लेते नजर आए। उनकी इस मुद्रा को लेकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चाएं होती रहीं।
इसके अलावा सगड़ी विधानसभा अध्यक्ष सीपी विमल, सामाजिक भाईचारा संयोजक विजय प्रताप यादव, विधानसभा प्रभारी अश्वनी कुमार एवं बालकरन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
बैठक में 6 दिसंबर के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और क्षेत्र-क्षेत्र में संपर्क कर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देने तथा इसे सफल बनाने की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ